![]() |
| मध्यप्रदेश में पेट्रोल-डीजल महंगा होने की आशंका के बीच कई जिलों में किसान डीजल जमा करते नजर आए |
भोपाल/नर्मदापुरम/नरसिंहपुर। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर तनाव बढ़ने और पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने की आशंका के चलते मध्य प्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल पंपों पर अच्छानक भीड़ बढ़ गई है। किसानों के बीच यह जानकारी तेजी से फैल रही है कि आने वाले समय में पेट्रोल डीजल महंगा हो सकता है या इसकी आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। इसी आसंका के चलते कई किसान बड़ी मात्रा में डीजल खरीद कर जमा करते नजर आ रहे है।
नर्मदापुरम जिले के पिपरिया इलाके में सुबह से ही पेट्रोल पंपों पर किसानों की लंबी कतारें देखने को मिल रही है। कई किसान ट्रैक्टर ट्रॉली में बड़े-बड़े ड्रम और केन लेकर पहुंच रहे हैं और और डीजल भरवाते दिखाई दे रहे है। अचानक बढ़ी मांग के करण कुछ पेट्रोल पंपों का स्टॉक जल्दी खत्म हो गया जिससे कई लोगों को बिना ईंधन लिए ही वापस लौटाना पड़ रहा है।
ट्रैक्टर-ट्रॉली में ड्रम लेकर पहुंचे किसान
ग्रामीण इलाकों से आये कई किसान पेट्रोल-पंपों पर अपने साथ ड्रम और बड़ी-बड़ी टंकियां लेकर पहुंचे। किसानों का कहना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय हालात बिगड़ते हैं तो पेट्रोल-डीजल के दाम तेजी से बढ़ सकते है और आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। इसी डर की वजह से लोग पहले से ही ईंधन जमा करने की कोशिश कर रहे हैं।
पिपरिया की एक पेट्रोल पंप संचालक ने बताया कि अन्य दिनों की तुलना में अचानक मांग बढ़ने से कुछ पेट्रोल पंपों पर एक ही दिन की खपत का पेट्रोल-डीजल कुछ ही घंटों में खत्म हो गया।
खेती के काम के लिए डीजल जरूरी
किसानों का कहना है कि खेती का अधिकांश काम डीजल पर ही निर्भर रहता है। ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, सिंचाई पंप और अन्य कृषि उपकरण को चलाने के लिए बड़ी मात्रा में डीजल की जरूरत पड़ती है। इस समय कई क्षेत्रों में गेहूं कटाई का दौर शुरू होने वाला है और मूंग की बोनी की तैयारी चल रही है।
ऐसे में किसानों को चिंता है की अगर डीजल खत्म हो गया और नहीं मिला तो खेती का काम रुक सकता है।
नरसिंहपुर में भी दिखा असर
नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा और सालीचौका क्षेत्र में भी पेट्रोल पंपों पर सामान्य से अधिक भीड़ देखने को मिली। यहां भी कई किसान ड्रम और बड़ी-बड़ी टंकियो में डीजल भरवाकर घर ले जाते नजर आये। स्थानिय लोगों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय हालात को लेकर फैल रही खबरों के कारण लोगों में चिंता बढ़ गई है।
अधिकारियों ने कहा - घबराने की जरूरत नहीं
जिला प्रशासन और पेट्रोलियम डीलरों का कहना है कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दे और केवल जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल डीजल खरीदें।
पेट्रोलियम डीलर्स का कहना है कि फिलहाल सप्लाई सामान्य है और पेट्रोल पंपों पर तेल की कोई कमी नहीं है।
यह खबर भी पढ़ें
क्यों बढ़ जाती है ऐसी आशंका
भारत अपनी जरूरत का एक बड़ा हिस्सा कच्चे तेल के लिए आयात से पूरा करता है और इसका बड़ा हिस्सा मध्य पूर्व के देशों से आता है। इसलिए जब भी उस क्षेत्र में युद्ध या फिर तनाव जैसी स्थिति बनती है तो तेल की कीमतों और आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ जाती है।
हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल देश में पेट्रोल और डीजल के सप्लाई सामान्य है, लेकिन अंतर्राष्ट्रीय हालात की खबरों से आशंका जरूर बढ़ जाती है।
